वैशाली, बिहार: जिले के सहदेई थाना क्षेत्र के महावीर चौक से रामगंज जाने वाली सड़क पर गुरुवार को एक अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने चार लोगों को कुचल दिया। हादसे में झारखंड के चक्रधरपुर निवासी सुरेंद्र पासवान (उम्र 40 वर्ष) की मौत हो गई, जबकि अन्य तीन लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर दो घायलों को हाजीपुर सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान सुरेंद्र पासवान की मौत हो गई।
हादसे से आक्रोशित लोगों ने स्कार्पियो चालक की जमकर पिटाई कर दी और बाद में गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। स्कॉर्पियो जलकर पूरी तरह खाक हो गई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि घटना के एक घंटे बाद तक स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर नहीं पहुंची। बाद में डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर चालक को भीड़ से छुड़ाकर थाने ले गई।
सहदेई थानाध्यक्ष सरीता कुमारी ने बताया कि यह सड़क दुर्घटना है जिसमें चार लोग घायल हुए। दो को सदर अस्पताल भेजा गया था, जहां एक की मौत हुई है।
मृतक सुरेंद्र पासवान अपनी ससुराल आया हुआ था और किसी दुकान से सामान लेने निकला था, तभी यह हादसा हुआ।
