Bhopal Twisha Sharma Case: रिटायर्ड जज सास गिरिबाला सिंह को कंज्यूमर फोरम अध्यक्ष पद से हटाने की प्रक्रिया शुरू

Twisha Sharma Death Case: मध्यप्रदेश के भोपाल में हुए बहुचर्चित ट्विशा शर्मा संदिग्ध मौत मामले में हर दिन नए और चौंकाने वाले मोड़ सामने आ रहे हैं। इस पूरे घटनाक्रम के बीच अब ट्विशा की सास और सेवानिवृत्त जज गिरिबाला सिंह को जिला कंज्यूमर फोरम के अध्यक्ष पद से हटाने की प्रशासनिक तैयारी शुरू हो चुकी है।

ट्विशा शर्मा मौत मामला: रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को हटाने की प्रक्रिया शुरू
ट्विशा शर्मा मौत मामला: रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को हटाने की प्रक्रिया शुरू

Twisha Sharma Death Case: भोपाल में चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। ट्विशा के परिवार की मांग के बाद उनकी सास और रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह को जिला कंज्यूमर फोरम के अध्यक्ष पद से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। परिवार ने इस संबंध में राज्यपाल को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद अब सरकारी स्तर पर हलचल तेज हो गई है।

दरअसल, जिला कंज्यूमर फोरम खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अंतर्गत आता है। इसी के चलते खाद्य विभाग के उप सचिव ने राज्य उपभोक्ता आयोग के रजिस्ट्रार को पत्र भेजा है। पत्र में कहा गया है कि गिरिबाला सिंह के खिलाफ दर्ज प्रकरण को देखते हुए उपभोक्ता संरक्षण नियम 2020 के उप नियम 9(2) के तहत जांच कर प्रतिवेदन जल्द उपलब्ध कराया जाए। इस नियम के अंतर्गत गंभीर मामलों में पद से हटाने या इस्तीफे की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। इसके बाद अब जिला कंज्यूमर फोरम में उनकी नियुक्ति और संभावित पदत्याग को लेकर राज्य सरकार के स्तर पर औपचारिक पत्राचार शुरू हो गया है।

इधर ट्विशा शर्मा मौत मामले में आरोपी बनाए गए उनके पति समर्थ सिंह अब भी फरार हैं। पुलिस ने पहले उनकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे अब बढ़ाकर 30 हजार रुपये कर दिया गया है। समर्थ सिंह की मां गिरिबाला सिंह फिलहाल अग्रिम जमानत पर हैं।

इस बीच मामले में सामने आए सीसीटीवी फुटेज ने जांच को और उलझा दिया है। फुटेज में ट्विशा शर्मा को बिल्डिंग की सीढ़ियों से छत की ओर जाते हुए देखा गया है। लगभग एक घंटे बाद उनके पति समर्थ सिंह और तीन अन्य लोग उन्हें नीचे लाते दिखाई देते हैं। अब पुलिस यह जानने की कोशिश कर रही है कि उस एक घंटे के दौरान छत पर आखिर क्या हुआ था।

जानकारी के मुताबिक, ट्विशा आखिरी बार सामान्य हालत में दिखाई दी थीं और उनके हाथ में हेडफोन था। बाद में वह छत पर जिमनास्टिक बेल्ट से लटकी मिलीं। इसी वजह से परिजन लगातार इस मौत को संदिग्ध बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

मामले में एक और महत्वपूर्ण बात सामने आई है। ट्विशा की मां का दावा है कि छत पर पहुंचने के बाद ट्विशा ने उन्हें फोन किया था। बातचीत के दौरान उसने ससुराल में कथित प्रताड़ना की बात कही। इसी दौरान फोन पर किसी अन्य व्यक्ति की आवाज सुनाई दी और अचानक कॉल कट गया। ट्विशा की मां को शक है कि वह आवाज समर्थ सिंह की हो सकती है।

गौरतलब है कि 12 मई को ट्विशा शर्मा भोपाल स्थित अपने ससुराल की छत पर फंदे से लटकी मिली थीं। इसके बाद से यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। परिवार ने ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया है और हर पहलू से जांच की जा रही है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale