बेमेतरा: छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां सतनामी समाज के 23 वर्षीय युवक टार्जन गायकवाड़ की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। यह घटना एक सोशल मीडिया विवाद के कारण हुई, जिससे इलाके में तनाव फैल गया है।
जानकारी के अनुसार, टार्जन गायकवाड़ लालपुर गांव का निवासी था। उसकी हत्या का कारण इंस्टाग्राम पर समाज के खिलाफ की गई एक गाली-गलौज वाली पोस्ट बताया जा रहा है। इसी पोस्ट को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने टार्जन पर चाकू से हमला कर दिया।
पुलिस ने बताया कि हत्या का आरोपी एक नाबालिग है और वह पास के हरदी गांव का रहने वाला है। इस घटना से गुस्साए मृतक के परिजनों और सतनामी समाज के लोगों ने नवागढ़ थाने के बाहर जमकर हंगामा किया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और स्थिति को नियंत्रण में रखने की कोशिश कर रही है।
