उज्जैन: मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले के उन्हेल थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला हत्याकांड सामने आया है, जहां एक बेटे ने अपनी ही मां की गला घोंटकर हत्या कर दी और शव को जंगल के कुएं में फेंक आया। इस पूरी वारदात को उसने अपने मामा के बेटे के साथ मिलकर अंजाम दिया।
घटना 27 मई की सुबह सामने आई, जब ग्राम पंचायत नवाली के पास श्मशान घाट के पास एक सूखे कुएं से महिला का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। शव को गद्दे में लपेटकर फेंका गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
शव की पहचान ग्राम दूनालजा निवासी 40 वर्षीय कमला बाई पति स्व. ईश्वर बागरी के रूप में हुई, जिसके हाथ पर ‘ॐ कमला बेन’ लिखा मिला। परिवारजनों ने शव की पुष्टि की। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और कुछ ही घंटों में हत्याकांड की गुत्थी सुलझा ली।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका का बेटा अर्जुन, जो पिछले कुछ दिनों से गांव से लापता था, उसने ही यह हत्या की। हत्या की वजह घरेलू कलह थी। अर्जुन अपनी मां द्वारा उसके वैवाहिक जीवन में हस्तक्षेप करने के कारण मानसिक रूप से परेशान था। साथ ही, उसको अपनी मां के चरित्र पर भी शंका थी, विशेष रूप से जुझार गुर्जर नामक व्यक्ति से मृतका की लगातार बातचीत थी। उसने अपने मामा के बेटे रितेश के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
पूछताछ में आरोपी अर्जुन ने बताया कि पहले उसने मां का गला घोंटा, फिर कुल्हाड़ी से हमला किया और शव को गद्दे में लपेटकर जंगल में फेंक दिया। इस दौरान एक अन्य व्यक्ति, झुंझर गुर्जर ने भी मदद की, जो हत्या के बाद शव ठिकाने लगाने में शामिल था।
इस मामले में पुलिस ने अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
