मथुरा: धर्मनगरी वृंदावन के विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर से एक बार फिर शर्मसार करने वाला वीडियो सामने आया है। मंदिर की सुरक्षा में तैनात कर्मियों द्वारा दर्शन करने आए एक श्रद्धालु और उसके परिवार के साथ अभद्रता और मारपीट की घटना ने प्रशासन के दावों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह सुरक्षाकर्मी एक युवक के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार कर रहे हैं, जबकि उसके बुजुर्ग माता-पिता हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगते रहे।
घटना उस समय की है जब श्रद्धालु बैरिकेडिंग के भीतर से दर्शन के लिए आगे बढ़ रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुरक्षाकर्मियों ने युवक को बीच रास्ते में ही रोक लिया और उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद इतना बढ़ा कि सुरक्षाकर्मियों ने युवक के साथ हाथापाई की और उसे बालों से पकड़कर घसीटते हुए मंदिर परिसर से बाहर निकाल दिया। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी इस पूरी घटना के दौरान मूकदर्शक बने रहे और उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को रोकने या मामला शांत कराने का कोई प्रयास नहीं किया।
बांके बिहारी मंदिर में श्रद्धालुओं के साथ बदसलूकी का यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी कई बार सुरक्षाकर्मियों और सेवादारों द्वारा भक्तों को पीटने की खबरें और वीडियो सामने आ चुके हैं। देश के कोने-कोने से आने वाले श्रद्धालु, जो अटूट आस्था के साथ ठाकुर जी के दर्शन को आते हैं, उनके साथ होने वाला यह हिंसक व्यवहार स्थानीय प्रशासन की कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाता है।
इन्हीं लगातार आ रही शिकायतों और अव्यवस्थाओं को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर एक हाई पावर कमेटी का गठन भी किया गया था, ताकि दर्शन व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाया जा सके। हालांकि, धरातल पर स्थिति अब भी चिंताजनक बनी हुई है। अब देखना यह होगा कि इस ताजा घटना के वीडियो के आधार पर दोषी सुरक्षाकर्मियों और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ क्या दंडात्मक कार्रवाई की जाती है।
