पटियाला। शहर की रेलवे कॉलोनी में एक नीले ड्रम से एक लड़की की लाश मिलने से सनसनी फैल गई है। मृतका की उम्र लगभग 20 वर्ष है। उसके एक हाथ पर नेहा लिखा हुआ है, जबकि दूसरे हाथ पर एक दिल वाला टैटू बना है जिस पर एन और ए लिखा हुआ है। लड़की का शव ड्रम के अंदर रखने के बाद उसके ऊपर लाल रंग का कपड़ा या ढक्कन लगाया हुआ था।
आशंका जताई जा रही है कि हत्या करने के बाद शव को इस ड्रम में बंद किया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए राजिंदरा अस्पताल भेज दिया है। लड़की के चेहरे पर हल्का जख्म है, लेकिन शरीर पर कोई और चोट नजर नहीं आई है। जांच अधिकारी एएसआई गुरबिंदर सिंह ने कहा कि मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। फिलहाल जांच के लिए दो टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस द्वारा लड़की की पहचान करने की कोशिश की जा रही है क्योंकि पहचान के बाद ही आरोपित तक पहुंचा जा सकेगा। पुलिस अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल के आसपास दो सीसीटीवी कैमरे लगे मिले हैं, जिनकी फुटेज को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। घटनास्थल के नजदीक एक तीसरा कैमरा भी लगा था, लेकिन वह बंद पड़ा था। यदि यह कैमरा चल रहा होता तो केस जल्द हल हो जाता क्योंकि नीला ड्रम इस कैमरे की बिल्कुल सीध में था।
शव को ड्रम में छिपाने की यह कोई पहली घटना नहीं है। मेरठ के चर्चित ‘नीला ड्रम हत्याकांड’ के बाद इस तरह की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इससे पहले लुधियाना के शेरपुर इलाके में भी जून 2025 में नीले रंग के प्लास्टिक ड्रम में एक अज्ञात व्यक्ति की सड़ी-गली लाश मिली थी, जिसके हाथ और पैर रस्सी से बंधे हुए थे। उस समय स्थानीय लोगों ने ड्रम से तेज बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी थी, जिसके बाद वह लाश बरामद हुई थी।
