Ketan Murder Case: सगाई से पहले प्रेमी संग उदयपुर ट्रिप पर थी सिया, 1 करोड़ ऐंठने और मर्डर के पीछे का ‘3 साल वाला प्लान’ आया सामने

पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में लगातार नए खुलासे हो रहे हैं। पुलिस जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी की नजदीकियां सिया की सगाई से पहले ही काफी बढ़ चुकी थीं।

पुणे के रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन नए और चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं, जो इस पूरी घटना के पीछे छिपी क्रूर मानसिकता को बयां करते हैं। पुलिस जांच में अब एक और नया और बेहद अहम मोड़ सामने आया है। कड़ियों को जोड़ रही जांच एजेंसियों को पता चला है कि फरवरी में केतन अग्रवाल से सगाई करने से ठीक कुछ हफ्ते पहले मुख्य आरोपी सिया गोयल अपने कथित प्रेमी चेतन चौधरी के साथ उदयपुर ट्रिप पर गई थी। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, सिया और चेतन एक बड़े ग्रुप के साथ राजस्थान के उदयपुर घूमने गए थे और वहां कई दिनों तक रुके थे। पुणे ग्रामीण पुलिस अब इस उदयपुर ट्रिप के रिकॉर्ड, वहां के साक्ष्यों और अन्य डिजिटल सबूतों को इकट्ठा कर इस खौफनाक साजिश की कड़ियों को मजबूत करने में जुट गई है।

सोशल मीडिया पर फरवरी में हुई केतन और सिया की सगाई की तस्वीरें लगातार वायरल हो रही हैं, जिनमें दोनों एक-दूसरे के साथ बेहद खुश और प्यार में डूबे नजर आ रहे हैं। लेकिन पुलिस जांच बताती है कि इस दिखावे के प्यार के पीछे केतन को हमेशा के लिए रास्ते से हटाने की एक खौफनाक पटकथा पहले ही लिखी जा चुकी थी। पूछताछ में सिया ने खुद कबूल किया है कि वह कभी भी केतन से शादी नहीं करना चाहती थी।

जांच में हत्या के पीछे की जो सबसे मुख्य वजह सामने आई है, वह बेहद हैरान करने वाली है। दरअसल, सिया और चेतन को डर था कि अगर उन्होंने खुद यह शादी तोड़ी तो समाज में उनकी और परिवार की भारी बदनामी होगी। ऐसे में केतन की मौत के बाद सिया को अपने घरवालों से शादी टालने के लिए कम से कम 3 साल का लंबा वक्त आसानी से मिल जाता। इसके पीछे एक बड़ा आर्थिक एंगल भी काम कर रहा था। सगाई के बाद सिया ने शॉपिंग और अन्य खर्चों के बहाने केतन अग्रवाल से करीब 1 करोड़ रुपये ऐंठे थे, जिसे उसने गुप्त रूप से अपने प्रेमी चेतन चौधरी को ट्रांसफर कर दिए थे। चेतन इस भारी-भरकम रकम का इस्तेमाल अपना करियर बनाने और नया कारोबार सेट करने के लिए करना चाहता था।

चेतन ने सिया को आश्वस्त किया था कि इस पैसे की मदद से उसे बाजार में आर्थिक रूप से पूरी तरह मजबूत होने में कम से कम 3 साल का समय लगेगा। आरोपियों का पूरा प्लान यह था कि केतन को रास्ते से हटाने के कुछ महीनों बाद जब माहौल पूरी तरह शांत हो जाएगा, तब चेतन एक सफल बिजनेसमैन के तौर पर सिया गोयल के घरवालों से मुलाकात करेगा और उनके सामने सिया से शादी का प्रस्ताव रखेगा ताकि परिवार वाले भी आसानी से मान जाएं।

इस पूरी मर्डर मिस्ट्री की कड़ियों और 18 जून के सटीक घटनाक्रम को समझने के लिए पुणे ग्रामीण पुलिस की एक विशेष टीम रविवार, 28 जून को आरोपी मंगेतर सिया गोयल को भारी सुरक्षा के बीच लोनावला के पास स्थित प्रसिद्ध लोहागढ़ किले लेकर पहुंची। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में वहां पूरे क्राइम सीन को हूबहू रिक्रिएट किया गया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, सिया को किले के उसी सटीक पॉइंट पर ले जाया गया था जहां से उसने अपने प्रेमी चेतन चौधरी के साथ मिलकर केतन अग्रवाल को 300-400 फीट गहरी खाई में कथित तौर पर धक्का दिया था, ताकि इस क्रूर वारदात से जुड़े हर एक वैज्ञानिक और चश्मदीद साक्ष्य को पुख्ता तरीके से कोर्ट के सामने पेश किया जा सके।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale