जबलपुर: मध्य प्रदेश के जबलपुर में सोशल मीडिया पर शुरू हुई दोस्ती और प्यार का एक दर्दनाक अंजाम सामने आया है। उड़ीसा की एक युवती को शादी का झांसा देकर एक युवक ने उसे अपनी हवस का शिकार बनाया और गर्भवती होने पर गोली खिलाकर उसका गर्भपात भी करा दिया। यह पूरा मामला जबलपुर के माढ़ोताल थाना इलाके का है।
जानकारी के अनुसार, उड़ीसा की रहने वाली युवती की सुल्तानपुर के युवक रजनीश सिंह से सोशल मीडिया पर दोस्ती हुई थी। देखते ही देखते यह दोस्ती प्यार में बदल गई। रजनीश वर्तमान में जबलपुर के माढ़ोताल इलाके में रह रहा है। रजनीश के बुलावे पर युवती अपना घर छोड़कर उड़ीसा से जबलपुर चली आई।
यहां आने के बाद, रजनीश ने युवती को शादी का झांसा दिया और उसे अपनी हवस का शिकार बनाया। जब युवती गर्भवती हो गई, तो आरोपी रजनीश ने उसे गोली खिलाकर उसका गर्भपात भी करा दिया। समय बीतने के साथ, जब रजनीश ने युवती से शादी करने से इनकार कर दिया और दूसरी जगह सगाई कर ली, तो युवती ने पुलिस की शरण ली और एफआईआर दर्ज कराई।
पीड़ित युवती की रिपोर्ट पर जबलपुर के माढ़ोताल पुलिस ने आरोपी रजनीश सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और उसकी तलाश शुरू कर दी है।
