हरिद्वार: उत्तराखंड पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए हरिद्वार से तीन माह के मासूम बच्चे को अगवा कर उत्तर प्रदेश के मेरठ में बेचने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस गिरोह के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं।
11 अक्टूबर की रात कलियर की झुग्गियों में रहने वाली एक महिला का तीन महीने का बच्चा रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था। सुबह जब मां की नींद खुली तो मासूम बिस्तर से लापता मिला। घबराई मां ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम बच्चे की तलाश में जुट गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने खुद इसकी निगरानी शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बच्चे के अपहरण में एक कार का इस्तेमाल किया गया था। टीम ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और गाड़ी का नंबर ट्रेस कर लिया। तकनीकी जांच से कार की लोकेशन मेरठ में मिली, जिसके बाद उत्तराखंड पुलिस मेरठ पहुंची और गाड़ी चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
ड्राइवर ने बताया कि उसकी कार आस मोहम्मद नाम के व्यक्ति ने बुक की थी। जब पुलिस ने आस मोहम्मद को गिरफ्तार किया, तो पूरा बच्चा चोरी गिरोह बेनकाब हो गया। पूछताछ में सामने आया कि आस मोहम्मद इस गिरोह का सरगना है और उसके साथ शहनाज व सलमा नामक दो महिलाएं भी सक्रिय रूप से जुड़ी थीं।
आस मोहम्मद ने कबूल किया कि उसने हरिद्वार से तीन माह के बच्चे का अपहरण कर मेरठ की एक नर्स को 3 लाख रुपये में बेच दिया था। नर्स ने बाद में उस मासूम को आगे 6 लाख रुपये में बेच दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मेरठ से बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया है।
🚨 72 घंटे में हरिद्वार पुलिस का बड़ा खुलासा! 🚨
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) October 14, 2025
बच्चा चोरी गैंग का पर्दाफाश, 3 माह के मासूम को सकुशल बरामद
हरिद्वार पुलिस ने पिरान कलियर से चोरी हुए 3 माह के नवजात शिशु को मात्र 72 घंटे में सकुशल बरामद करते हुए बच्चा चोरी गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया। pic.twitter.com/D0hFUp0t8P
अधिकारियों के अनुसार, यह गिरोह गरीब परिवारों को निशाना बनाकर उनके बच्चों का अपहरण करता था और उन्हें अवैध रूप से बेचने का काम करता था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है और नर्स समेत गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
फिलहाल तीनों मुख्य आरोपी — आस मोहम्मद, शहनाज और सलमा — को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के खिलाफ कठोर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। बच्चे की बरामदगी से परिवार ने राहत की सांस ली है, जबकि पुलिस टीम की तत्परता की सराहना पूरे क्षेत्र में की जा रही है।
