ग्वालियर, मध्य प्रदेश: ग्वालियर में ऑनलाइन कुत्ते खरीदने के नाम पर एक महिला से बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। इस धोखाधड़ी में ₹1 लाख 70 हजार गंवाने के बाद महिला इतनी सदमे में आ गई कि उसने जहर खा लिया, जिससे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना पुरानी छावनी थाना क्षेत्र के मोतीझील इलाके की है। यहां ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजेंद्र प्रजापति की पत्नी रीना प्रजापति (45) ने 10 जून को जहर खा लिया था, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
पुलिस जांच में पता चला है कि रीना ने ‘पेट हाउस’ नामक एक व्हाट्सएप ग्रुप पर एक डॉगी खरीदने की डील की थी। शुरुआती बातचीत में ₹5,000 में डॉगी की डील तय हुई थी। हालांकि, ठगों ने झांसा देकर उनसे बैंक खाते से संबंधित ओटीपी (वन टाइम पासवर्ड) मांग लिया। ओटीपी मिलते ही ठगों ने रीना के खाते से एक लाख 70 हजार रुपये निकाल लिए।
इस ठगी का खुलासा तब हुआ जब रीना के ट्रांसपोर्टर पति राजेंद्र ने अपनी पत्नी का मोबाइल देखा। पुलिस ने इस मामले में ठगी और आत्महत्या के संबंध में जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

