गुरुग्राम में थार का कहर: नाना और दो मासूम नातियों को तेज रफ्तार कार ने कुचला, तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत

दिल्ली से सटे गुरुग्राम में एक बार फिर तेज रफ्तार का खौफनाक मंजर देखने को मिला, जहां एक बेकाबू थार कार ने तीन जिंदगियों को पल भर में खत्म कर दिया। पटौदी थाना क्षेत्र के लोकरा गांव के पास शुक्रवार रात हुए इस दर्दनाक हादसे में एक बुजुर्ग और उसके दो मासूम नातियों की मौके पर ही मौत हो गई।

Accident
Accident

गुरुग्राम: दिल्ली से सटे गुरुग्राम के पटौदी इलाके में शुक्रवार रात एक रोंगटे खड़े कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। लोकरा गांव के पास एक तेज रफ्तार महिंद्रा थार (Thar) कार ने सड़क किनारे पैदल जा रहे एक बुजुर्ग और उनके दो मासूम नातियों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना का सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कैसे पलक झपकते ही तीन जिंदगियां खत्म हो गई।

हादसे का शिकार हुए 60 वर्षीय सुभाष अपने दो नातियों, 10 वर्षीय इशांत उर्फ सुल्तान और 8 वर्षीय जैद खान के साथ घर लौट रहे थे। बच्चे अपनी स्कूल की छुट्टियों के चलते भिवाड़ी (राजस्थान) से अपने नाना के घर लोकरा आए हुए थे। शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे सुभाष अपने भाई सलीम के घर से बच्चों को लेकर वापस अपने घर की ओर निकले थे। सीसीटीवी वीडियो में देखा जा सकता है कि वे सड़क के बिल्कुल किनारे चल रहे थे, तभी पीछे से अनियंत्रित होकर आई थार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और कुचलते हुए आगे निकल गई।

पुलिस को दी गई शिकायत में मृतक के भाई सलीम ने बताया कि तीनों को कुचलने के बाद आरोपी चालक कुछ दूर जाकर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पटौदी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। गांव में इस घटना के बाद से मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बच्चों की मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 25 वर्षीय दीपांशु के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम के ही गोरियावास गांव का रहने वाला है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल थार गाड़ी को भी जब्त कर लिया है। शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत हो रहा है कि गाड़ी की रफ्तार बहुत अधिक थी और चालक का स्टीयरिंग पर नियंत्रण नहीं रहा, जिसके कारण यह बड़ा हादसा हुआ।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale