‘डिक्की खुलवाई, बैग छूटा और फिर पासपोर्ट गायब…’ केतन मर्डर केस में ड्राइवर के बयान से मची हलचल!

Ketan Agarwal Murder Case: पुणे के बहुचर्चित कारोबारी केतन अग्रवाल हत्याकांड में हर दिन चौंकाने वाले मोड़ सामने आ रहे हैं। इस मामले में अब एक नया और बेहद अहम खुलासा हुआ है, जिसने जांच की दिशा बदल दी है।

पुणे केतन अग्रवाल हत्याकांड: कैब ड्राइवर ने खोले कई राज
पुणे केतन अग्रवाल हत्याकांड: कैब ड्राइवर ने खोले कई राज

पुणे: पुणे के चर्चित केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में एक नया मोड़ सामने आया है। इस मामले में उस कैब ड्राइवर का बयान सामने आया है, जिसने केतन अग्रवाल, उनकी मंगेतर सिया गोयल और सिया के भाई साहिल को पुणे से मुंबई एयरपोर्ट तक पहुंचाया था। जांच में अब पासपोर्ट गायब होने की घटना को भी संदिग्ध मानते हुए इसकी कड़ी हत्या की कथित साजिश से जोड़कर देखी जा रही है।

जानकारी के अनुसार, केतन अग्रवाल और सिया गोयल बाली में प्री-वेडिंग शूट के लिए मुंबई एयरपोर्ट जा रहे थे। इसी दौरान केतन का पासपोर्ट गायब होने की बात सामने आई थी। अब जांच एजेंसियों को आशंका है कि पासपोर्ट को सुनियोजित तरीके से गायब किया गया हो सकता है।

कैब ड्राइवर वैभव जाधव ने बताया कि उन्होंने सुबह करीब 10 बजे सबसे पहले सिया गोयल और उसके भाई साहिल को पुणे से पिक किया। उनके अनुसार, सिया शुरुआत में कार में बैठने के लिए तैयार नहीं थी, जिस पर दोनों भाई-बहन के बीच बहस हुई। बाद में साहिल ने उसे कार में बैठाया। इसके बाद वे रावेत पहुंचे, जहां से केतन अग्रवाल उनके साथ सवार हुए।

ड्राइवर के मुताबिक, मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर एक फूड मॉल के पास सिया ने चाय पीने के लिए वाहन रुकवाया। कुछ देर बाद लौटने पर उसने कार की डिक्की खुलवाई और अपने पर्स से कुछ सामान निकाला। इसके बाद सभी लोग मुंबई एयरपोर्ट के लिए रवाना हो गए।

वैभव जाधव ने बताया कि यात्रियों को एयरपोर्ट छोड़ने के कुछ मिनट बाद उन्हें फोन कर बताया गया कि एक छोटा बैग कार में छूट गया है। उन्होंने बैग वापस पहुंचा दिया। इसके कुछ समय बाद फिर फोन आया कि केतन का पासपोर्ट भी कार में रह गया है। ड्राइवर का कहना है कि वह पहले ही पूरी गाड़ी की जांच कर चुके थे और उन्हें कोई पासपोर्ट नहीं मिला था। इसके बावजूद उनसे वीडियो कॉल पर कार दिखाने के लिए कहा गया। बाद में साहिल और केतन स्वयं भी कार की तलाशी लेने पहुंचे, लेकिन पासपोर्ट नहीं मिला।

कैब ड्राइवर ने यह भी दावा किया कि पूरे सफर के दौरान सिया और उसके भाई साहिल के बीच लगातार बहस होती रही। उनके अनुसार, पुणे से रावेत तक दोनों के बीच तनाव का माहौल बना रहा।

ड्राइवर के बयान के बाद जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि डिक्की खुलवाने के दौरान सिया ने अपने पर्स में क्या रखा था और क्या उसी समय पासपोर्ट को गायब किया गया। पुलिस इस पूरे घटनाक्रम को कथित हत्या की साजिश का हिस्सा मानकर जांच कर रही है।

गौरतलब है कि 18 जून 2026 को पुणे के लोहागढ़ किले में 25 वर्षीय रियल एस्टेट कारोबारी केतन अग्रवाल की खाई में गिरने से मौत हुई थी। शुरुआत में इसे हादसा माना गया था, लेकिन बाद में पुलिस जांच में हत्या की साजिश का मामला सामने आया। पुलिस ने इस मामले में केतन की मंगेतर सिया गोयल और उसके कथित प्रेमी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है।

जांच एजेंसियों का दावा है कि दोनों आरोपी लंबे समय से संपर्क में थे और घटना से पहले कथित तौर पर हत्या की योजना बनाई गई थी। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि बाली ट्रिप, पासपोर्ट गायब होने की घटना और लोहागढ़ किले की वारदात आपस में किस तरह जुड़ी हुई थीं। मामले की सुनवाई के लिए महाराष्ट्र सरकार ने वरिष्ठ अधिवक्ता उज्ज्वल निकम को विशेष सरकारी वकील नियुक्त किया है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale