मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के लालबाग थाना क्षेत्र के ग्राम बिरोदा में गणेश विसर्जन के दौरान बड़ा विवाद हो गया। प्रतिमा विसर्जन जुलूस के समय जब हनुमान चालीसा का पाठ किया जा रहा था, तभी अचानक पथराव शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि यह पथराव मुस्लिम समुदाय की ओर से किया गया, जिससे माहौल बिगड़ गया।
इस पथराव में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अभिषेक बागरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और हालात पर काबू पाया। फिलहाल गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
पुलिस ने दोनों पक्षों के कुल 7 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है और घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर जब्त कर लिया गया है। फुटेज की जांच की जा रही है ताकि पथराव करने वालों की सटीक पहचान हो सके।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक अर्चना चिटनीस भी समर्थकों के साथ लालबाग थाने पहुंचीं और एसपी से मुलाकात कर मामले की गंभीरता पर चर्चा की। एसपी ने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है।
