सतना, मध्य प्रदेश: सिविल लाइन थाना क्षेत्र के महादेव मोहल्ले में बीती रात बसपा नेता शुभम साहू की बेरहमी से हत्या कर दी गई। रात क़रीब 12:30 बजे अज्ञात हमलावरों ने उन पर लाठी, डंडों और पत्थरों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल शुभम को पहले जिला अस्पताल, फिर रीवा के संजय गांधी अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
शुभम साहू पूर्व में यूथ कांग्रेस के महामंत्री और एनएसयूआई में सचिव रह चुके थे। हाल ही में उन्होंने बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का दामन थामा था और भोपाल से सतना लौटे थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि शुभम का अपने मोहल्ले के कुछ लोगों से ज़मीन को लेकर विवाद चल रहा था। हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है, हालांकि अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
