भोपाल: राजधानी भोपाल में निशातपुरा पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से चोरी की 15 बाइकें जब्त की हैं, जिनकी कीमत करीब 10 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, ये आरोपी शहर के अलग-अलग थानों में रेकी करके वारदात को अंजाम देते थे। वे विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिलें चोरी करते थे, जिनमें निशातपुरा, पिपलानी, टीलाजमालपुरा, गौतम नगर, सूखी सेवनिया, कोलार रोड, इंटखेडी और अशोका गार्डन के क्षेत्र शामिल हैं।
चोरी करने के बाद वे वाहनों की नंबर प्लेट निकालकर उनका इस्तेमाल करते थे और कम दामों में गांवों में बेच देते थे। वे चोरी के वाहनों को जंगल और अपने घरों में छुपाकर रखते थे, और ग्राहक मिलते ही बेचने की फिराक में रहते थे। इन चोरों का मुख्य उद्देश्य चोरी के वाहनों से अपने घूमने-फिरने के शौक को पूरा करना भी था।
पुलिस ने इन दोनों आरोपियों को चेकिंग के दौरान हिरासत में लिया था। ये दोनों आरोपी विदिशा के रहने वाले हैं और इनके खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
