भोपाल, मध्य प्रदेश: भोपाल के बजरिया थाना क्षेत्र स्थित गायत्री नगर, करारिया फार्म के मकान नंबर 34 से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। आरोपी सचिन राजपूत ने अपनी लिव-इन पार्टनर रितिका सेन की गला घोंटकर हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि वारदात के वक्त सचिन नशे की हालत में था।
हत्या के बाद आरोपी ने रितिका की लाश को एक चादर में लपेटकर कमरे में छोड़ दिया और मौके से फरार हो गया। नशा उतरने के बाद जब उसे होश आया, तो उसने अपनी इस खौफनाक करतूत के बारे में अपने एक दोस्त को बताया। दोस्त ने मामले की गंभीरता को समझते हुए तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी सचिन राजपूत को हिरासत में ले लिया है। पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले कुछ समय से लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। जानकारी मिली है कि दो दिन पहले आरोपी प्रेमी और मृतक युवती के बीच विवाद हुआ था, जिसके बाद इस वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से महत्वपूर्ण सबूत बरामद किए गए हैं, और पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
