भोपाल, मध्य प्रदेश: भोपाल के गुनगा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक युवक को फर्जी फेसबुक ID बनाकर अश्लील वीडियो भेजने और ब्लैकमेल करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
आरोपी युवक का नाम इरशाद खान है। वह लड़कियों के नाम से फर्जी फेसबुक प्रोफाइल बनाता था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी निशा जैन के नाम से एक फर्जी फेसबुक ID चला रहा था। वह पहले फेसबुक और फिर चैटिंग के जरिए दोस्ती करता था। इसके बाद व्हाट्सएप नंबर लेकर पीड़ित को फंसाता था।
आरोपी इंटरनेट से अश्लील वीडियो डाउनलोड कर पीड़ित को भेजता था। फिर स्क्रीन रिकॉर्ड कर लेता था और उसे वायरल करने की धमकी देकर पैसों की डिमांड करता था।
इस मामले में आरोपी ने एक व्यक्ति से 2000 रुपये की मांग की थी। दबाव में आकर पीड़ित ने 490 रुपये फोनपे के जरिए भेज दिए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को ट्रैक कर गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने इसी तरह कई लोगों को अपने जाल में फंसाने की कोशिश की थी। अब पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी के खिलाफ पहले से कितनी ब्लैकमेलिंग की शिकायतें आई हैं।
