बेंगलुरु में खौफनाक वारदात: पत्नी का गला रेतने की कोशिश कर रहे पति को भीड़ ने सिखाया सबक, पीट-पीटकर किया अधमरा

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से इंसानियत और बहादुरी की एक ऐसी मिसाल सामने आई है, जिसने न सिर्फ एक महिला की जिंदगी बचाई बल्कि समाज को यह संदेश भी दिया कि समय पर की गई मदद किसी की जान के लिए कितनी कीमती होती है।

Bengaluru Shocking Video: बेंगलुरु में राहगीरों की सतर्कता और साहस ने एक महिला की जान बचा ली। जहां अक्सर हादसों या अपराध की घटनाओं में लोग मदद करने के बजाय वीडियो बनाने लगते हैं, वहीं इस बार लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप कर एक महिला को बड़ी वारदात का शिकार होने से बचा लिया। घटना में एक व्यक्ति कथित तौर पर बीच सड़क पर अपनी पत्नी की हत्या करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों की फुर्ती से उसका प्रयास नाकाम हो गया।

जानकारी के अनुसार आरोपी की पहचान संजय के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार का रहने वाला बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संजय और उसकी पत्नी सोनाली के वैवाहिक संबंध पिछले कई महीनों से तनावपूर्ण थे। दोनों की यह दूसरी शादी थी और वे बेंगलुरु में रहकर नई शुरुआत करने की कोशिश कर रहे थे। हालांकि आरोपी की शराब की लत के कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

सूत्रों के मुताबिक लगातार झगड़ों से परेशान होकर सोनाली ने संजय के साथ रहने से इनकार कर दिया था। इसी बात से आरोपी नाराज था और उसने गुस्से में यह हमला किया।

घटना नेलमंगला इलाके के पास हुई, जिसका सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। फुटेज में देखा जा सकता है कि हेलमेट पहने एक व्यक्ति स्कूटी रोककर सड़क किनारे खड़ा होता है और वहां से गुजर रही महिला को अचानक पकड़ लेता है। आरोपी ने महिला का गला दबोच लिया, जिसके बाद वह खुद को छुड़ाने की कोशिश करती नजर आती है।

बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला को जमीन पर गिराकर उसका गला रेतने की कोशिश की। इसी दौरान आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत स्थिति को भांप लिया और महिला की मदद के लिए दौड़ पड़े।

राहगीरों ने आरोपी को पकड़कर उसकी पिटाई शुरू कर दी ताकि वह महिला को छोड़ दे। कुछ लोगों ने अपनी बाइक रोककर हेलमेट से हमला किया, जबकि अन्य ने चप्पलों और मुक्कों से उसे काबू में किया। आरोपी काफी देर तक महिला को पकड़े रहा, लेकिन लोगों की लगातार कोशिशों के बाद उसे महिला को छोड़ना पड़ा।

स्थानीय लोगों ने आरोपी को बुरी तरह पीट दिया, जिसके बाद वह अपनी जान की भीख मांगता नजर आया। जब लोगों को पता चला कि जिस महिला पर हमला किया जा रहा था वह उसकी पत्नी है, तो लोगों का गुस्सा और बढ़ गया।

इस घटना ने एक बार फिर यह दिखाया है कि समय पर की गई मदद किसी की जान बचा सकती है। जहां कई मामलों में लोग तमाशबीन बने रहते हैं, वहीं बेंगलुरु के इन लोगों ने मानवता का परिचय देते हुए महिला को सुरक्षित बचा लिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale