बेंगलुरु में 11 महीने की बच्ची की मौत मामले में बड़ा मोड़; मां-बाप पर हत्या का केस, पिता गिरफ्तार, मां फरार

बेंगलुरु के अवलाहल्ली में 11 महीने की मासूम रेणुका की मौत मामले में पुलिस ने बिस्तर से गिरने के झूठे दावे को खारिज करते हुए माता-पिता के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर पर गंभीर चोटों के खुलासे के बाद पिता शेकप्पा को गिरफ्तार कर लिया गया है।

बेंगलुरु: 11 महीने की बच्ची की मौत मामले में माता-पिता पर हत्या का केस
बेंगलुरु: 11 महीने की बच्ची की मौत मामले में माता-पिता पर हत्या का केस

बेंगलुरु के अवलाहल्ली थाना क्षेत्र में 11 महीने की बच्ची की संदिग्ध मौत के मामले में नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। जांच के बाद बेंगलुरु पुलिस ने बच्ची के माता-पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पोस्टमार्टम और जांच में मिले सबूत माता-पिता के शुरुआती बयान से मेल नहीं खाने पर पुलिस ने पिता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि आरोपी मां फरार बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार, किटागनूर गांव में 9 जून को 11 महीने की रेणुका की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। बच्ची के पिता शेकप्पा ने शुरुआत में पुलिस को बताया था कि उनकी पत्नी विजयलक्ष्मी बच्चे को दूध पिलाते समय सो गई थीं, जिसके कारण बच्चा बिस्तर से नीचे गिर गया। इसके बाद बच्ची को ईस्ट पॉइंट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अप्राकृतिक मौत (UDR) का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

पोस्टमार्टम में मिले चोटों के सबूत

जांच के दौरान पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्ची के शरीर पर कई गंभीर चोटों का पता चला। पुलिस के मुताबिक, उसके चेहरे, छाती, पैरों और प्राइवेट पार्ट्स पर चोट के निशान मिले। साथ ही जांच में सामने आया कि बिस्तर की ऊंचाई करीब दो फीट थी। पुलिस का कहना है कि इतनी कम ऊंचाई से गिरने पर इस तरह की गंभीर चोटें आना संभव नहीं था।

जांच में सामने आया झगड़े का दावा

पुलिस के अनुसार, गवाहों के बयानों में बताया गया कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। गवाहों ने यह भी दावा किया कि विजयलक्ष्मी का एक पड़ोसी के साथ कथित एक्स्ट्रा-मैरिटल अफेयर था और वह बच्चे से प्यार नहीं करती थी।

जांच के मुताबिक, 9 जून की दोपहर जब शेकप्पा भोजन के लिए घर लौटा तो पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। पुलिस का दावा है कि झगड़े के दौरान विजयलक्ष्मी ने रोते हुए बच्चे को लात मारी और इसके बाद शेकप्पा ने गुस्से में बच्ची को उठाकर जमीन पर पटक दिया।

हत्या का मामला दर्ज, जांच जारी

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, 22 जून को मिली पोस्टमार्टम रिपोर्ट में निष्कर्ष निकाला गया कि बच्ची की मौत कई अंदरूनी चोटों के कारण अत्यधिक आंतरिक रक्तस्राव और सांस लेने में आई दिक्कत की वजह से हुई। इसके बाद पुलिस ने शेकप्पा और विजयलक्ष्मी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) और धारा 3(5) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया। मामले में आगे की जांच जारी है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale