शामली: उत्तर प्रदेश के शामली में लोकप्रिय गायक अंकित बालियान की गोली मारकर हत्या के बाद इलाके में तनाव और दहशत का माहौल है। वारदात को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए योगी सरकार को निशाने पर लिया है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना को लेकर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि शामली में अंकित बालियान की 18 राउंड गोलियां चलाकर हत्या किए जाने से पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बन गया है। उन्होंने मृतक की मां के सड़क पर बेटे के शव को गोद में रखकर शोक जताने की घटना को भी बेहद दुखद बताया।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि जाट समाज हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग कर रहा है और इस घटना को लेकर समुदाय में आक्रोश है। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच राजनीतिक प्रतिद्वंदिता के पहलू से किए जाने की मांग उठ रही है।
अंकित बालियान की हत्या शामली शहर में एक जिम से निकलते समय की गई। पुलिस के मुताबिक, डायल 112 के जरिए सूचना मिली थी कि बंटीखेड़ा निवासी अंकित को कुछ अज्ञात लोगों ने गोली मार दी है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अंकित को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के अनुसार, घटना की सूचना शाम करीब सात बजे मिली थी। अंकित शहर के एक जिम में एक्सरसाइज करने के लिए आते थे। जिम से बाहर निकलने के दौरान उन्हें निशाना बनाया गया।
पुलिस को शुरुआती जांच में पता चला है कि वारदात को अंजाम देने के लिए चार युवक दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे थे। घटनास्थल से दो-तीन खोखे भी बरामद किए गए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू की है।
फिलहाल पुलिस हमलावरों की पहचान करने में जुटी है। इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच के लिए पूरी टीम काम कर रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास जारी हैं।
