नई दिल्ली: दिल्ली के 32 स्कूलों को सोमवार सुबह बम से उड़ाने की धमकी मिली, जिससे हड़कंप मच गया। इनमें से अधिकतर धमकियां द्वारका स्थित स्कूलों को मिली थीं। एहतियात के तौर पर, सभी स्कूलों को तुरंत खाली करा लिया गया और आसपास के इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई। हालांकि, पुलिस की गहन जांच के बाद इन धमकियों को फर्जी बताया गया।
अधिकारियों के मुताबिक, ये धमकियां सोमवार तड़के ईमेल के जरिए भेजी गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि घंटों तक सभी परिसरों की तलाशी ली गई, लेकिन कोई भी संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
दिल्ली पुलिस ने कहा कि वह धमकी भरे ईमेल के स्रोत का पता लगाने के लिए साइबर सेल की मदद ले रही है। पुलिस ने जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील भी की। गौरतलब है कि पिछले साल दिसंबर और 2024 में भी दिल्ली के कई स्कूलों को इसी तरह के धमकी भरे ईमेल मिले थे, जो बाद में फर्जी साबित हुए थे।
