LPG Price Hike: पश्चिम एशिया में जारी युद्ध और अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा आपूर्ति श्रृंखला में आई बाधाओं का सीधा असर अब भारतीय रसोई और व्यापार पर दिखने लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने बुधवार, 1 अप्रैल 2026 को एलपीजी (LPG) सिलेंडरों की कीमतों में बड़ी बढ़ोतरी की घोषणा की है। इस बदलाव के तहत 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर और 5 किलोग्राम वाले मिनी सिलेंडर के दाम बढ़ा दिए गए हैं, जिससे रेस्तरां और छोटे कारोबारियों की जेब पर बोझ बढ़ना तय है।
नई कीमतों के मुताबिक 19 किलोग्राम वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 195 रुपये से लेकर 218 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इसके बाद दिल्ली में इसकी कीमत बढ़कर 2,078.50 रुपये और मुंबई में 2,031 रुपये हो गई है। वहीं कोलकाता में यह 2,208 रुपये और चेन्नई में 2,246 रुपये तक पहुंच गया है। इसके अलावा 5 किलोग्राम वाले मिनी सिलेंडर की कीमत में भी 51 रुपये का इजाफा किया गया है।
हालांकि राहत की बात यह है कि आम उपभोक्ताओं के इस्तेमाल वाले 14.2 किलोग्राम घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया गया है। दिल्ली में इसकी कीमत 913 रुपये पर ही स्थिर बनी हुई है। इससे पहले 7 मार्च को इसमें 60 रुपये की बढ़ोतरी की गई थी।
विशेषज्ञों के मुताबिक, इस बढ़ोतरी के पीछे सबसे बड़ी वजह वैश्विक स्तर पर ऊर्जा आपूर्ति में आई बाधा है। पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष के कारण कच्चे तेल की कीमतों में करीब 50% तक उछाल आया है। खास तौर पर Strait of Hormuz जैसे अहम समुद्री मार्ग पर तनाव ने आपूर्ति को प्रभावित किया है, जिसका असर LPG और अन्य ईंधनों की कीमतों पर पड़ा है।
हर महीने की पहली तारीख को कंपनियां अंतरराष्ट्रीय बाजार, कच्चे तेल के भाव और विनिमय दर के आधार पर LPG की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में आने वाले समय में भी कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है।
पेट्रोल और डीजल की बात करें तो फिलहाल इनके दाम स्थिर हैं। दिल्ली में पेट्रोल 94.72 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.62 रुपये प्रति लीटर पर बना हुआ है। लेकिन अगर वैश्विक हालात ऐसे ही बने रहे, तो आगे इन पर भी असर पड़ने की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।
