रेल यात्रा के दौरान आने वाली किसी भी समस्या के समाधान के लिए अब भारतीय रेलवे एक नए और आसान तरीके से सहायता प्रदान करेगा। रेलवे ने हेल्पलाइन नंबर 139 पर कॉल सेवा के साथ-साथ अब SMS सेवा भी शुरू की है। इसके माध्यम से यात्री केवल एक मैसेज भेजकर ट्रेन से जुड़ी आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकेंगे और यात्रा के दौरान होने वाली शिकायत भी दर्ज करा सकेंगे। पहले इस नंबर पर केवल कॉल की सुविधा थी, जिससे समय अधिक लगता था, लेकिन अब SMS सेवा शुरू होने से यह प्रक्रिया तेज और सुविधाजनक बन गई है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह नया कदम यात्रियों की सुविधा बढ़ाने और यात्रा के दौरान उनकी समस्याओं का तुरंत समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उठाया गया है। 139 नंबर पर SMS भेजकर यात्री अब PNR स्टेटस, ट्रेन का समय, ट्रेन की लोकेशन, परिचालन की स्थिति, ट्रेन मार्ग और पार्सल सेवा से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इसके अलावा यात्रा के दौरान यदि किसी यात्री को स्टेशन या ट्रेन में गंदगी, बिजली, पानी, शौचालय जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है तो वे इसकी जानकारी भी SMS के जरिए रेलवे तक पहुंचा सकेंगे। SMS प्राप्त होते ही शिकायत दर्ज कर ली जाएगी और संबंधित विभाग को तुरंत कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।
कॉल सुविधा और रेल मदद ऐप की सुविधा पहले की तरह जारी रहेगी, परंतु SMS सुविधा जुड़ने से यात्रियों को और अधिक विकल्प मिल गए हैं। उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने बताया कि यह सेवा यात्रियों को बेहतर अनुभव देने और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए शुरू की गई है।
139 SMS सेवा कैसे इस्तेमाल करें
139 नंबर पर SMS भेजकर आप PNR, ट्रेन लोकेशन, रूट, पार्सल व शिकायत जैसी सेवाएँ प्राप्त कर सकते हैं।
1. PNR स्थिति जानने के लिए
फॉर्मेट: PNR
उदाहरण: PNR 1234567890
2. ट्रेन की मौजूदा लोकेशन (Live Status)
फॉर्मेट: SPOT <ट्रेन नंबर>
उदाहरण: SPOT 12561
3. किसी तारीख पर ट्रेन लोकेशन
(DDMMYY फॉर्मेट में तारीख लिखें)
फॉर्मेट: SPOT <ट्रेन नंबर>
उदाहरण: SPOT 12561 150126
4. किसी स्टेशन पर ट्रेन लोकेशन
फॉर्मेट: SPOT <ट्रेन नंबर> <स्टेशन कोड>
उदाहरण: SPOT 12561 NDLS
5. ट्रेन रूट की जानकारी
फॉर्मेट: ROUTE <ट्रेन नंबर>
उदाहरण: ROUTE 12561
6. ट्रेन आगमन व प्रस्थान स्थिति
फॉर्मेट: AD <ट्रेन नंबर> <स्टेशन कोड>
उदाहरण: AD 12561 NDLS
7. पार्सल की स्थिति
फॉर्मेट: PRR <पार्सल रेफरेंस नंबर>
उदाहरण: PRR 1234567890
8. रेल मदद (शिकायत दर्ज करने के लिए)
फॉर्मेट: MADAD <शिकायत विवरण>
उदाहरण: MADAD Water Shortage 1234567890
नई SMS सेवा से यात्रियों को अब कॉल का इंतज़ार किए बिना जानकारी और सहायता दोनों आसानी से मिल सकेंगी। रेलवे का मानना है कि इस पहल से यात्रा और भी सुरक्षित, आरामदायक और सुचारू हो जाएगी।
