शिमला: हिमाचल प्रदेश में 12 अगस्त से पेट्रोल और डीजल महंगा हो गया है। राज्य की सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार ने पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर सेस बढ़ाने का फैसला किया है। इस फैसले के बाद राज्य में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। हालांकि, अन्य राज्यों में आज पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं हुआ है।
हिमाचल प्रदेश के स्टेट टैक्स एंड एक्साइज डिपार्टमेंट की ओर से 11 अगस्त को जारी नोटिफिकेशन में इस बढ़ोतरी की जानकारी दी गई थी। इसके तहत पेट्रोल और हाई स्पीड डीजल पर 60 पैसे प्रति लीटर सेस बढ़ाया गया है। राज्य सरकार ने यह टैक्स वैल्यू एडेड टैक्स एक्ट 2005 के सेक्शन 6-ए के तहत लगाया है। टैक्स में बढ़ोतरी कैबिनेट की मंजूरी के बाद की गई है।
शिमला में अब डीजल 95.21 रुपये प्रति लीटर, पेट्रोल 103.25 रुपये प्रति लीटर और XP95 की कीमत 111.90 रुपये प्रति लीटर है।
इससे पहले मई में ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने युद्ध की वजह से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में चार बार बढ़ोतरी की थी। पहली बढ़ोतरी 15 मई को हुई थी, जबकि आखिरी बार 25 मई को दाम बढ़ाए गए थे। इस दौरान पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 7.5 रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा हुआ था। 2022 के बाद देश में पहली बार कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाए थे। उस समय इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गई थी, जिसके कारण ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को हर दिन 1000 करोड़ रुपये तक का नुकसान होने लगा था।
12 अगस्त को दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर, कोलकाता में 113.43 रुपये, मुंबई में 111.12 रुपये, चेन्नई में 107.75 रुपये, हैदराबाद में 115.69 रुपये और बेंगलुरू में 110.93 रुपये प्रति लीटर है।
वहीं, डीजल की बात करें तो दिल्ली में इसकी कीमत 95.20 रुपये प्रति लीटर, कोलकाता में 99.78 रुपये, मुंबई में 97.78 रुपये, चेन्नई में 99.57 रुपये, हैदराबाद में 103.82 रुपये और बेंगलुरू में 98.78 रुपये प्रति लीटर है।
