Amazon Layoffs: ई-कॉमर्स कंपनी Amazon इस हफ्ते अपने कॉरपोरेट कर्मचारियों की बड़ी संख्या में छंटनी करने की तैयारी में है। कई मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, कंपनी लगभग 30,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाल सकती है। यह फैसला खर्च कम करने की योजना के तहत लिया जा रहा है, जिसकी अगुवाई कंपनी के CEO एंडी जेसी (Andy Jassy) कर रहे हैं।
अगर यह खबर सही साबित होती है, तो यह हाल के महीनों की सबसे बड़ी छंटनियों में से एक होगी। अमेज़न ने इससे पहले 2022 में करीब 27,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था।
अमेज़न ने इस खबर पर कोई टिप्पणी नहीं की है। बताया जा रहा है कि छंटनी कंपनी के कॉरपोरेट विभाग में की जाएगी, जिसमें प्रबंधक, सेल्स और अन्य दफ्तरों के कर्मचारी शामिल हैं। हालांकि, यह अमेज़न के कुल कर्मचारियों का केवल एक छोटा हिस्सा (करीब 10%) होगा। कंपनी के पास दुनियाभर में 1.5 मिलियन से ज्यादा कर्मचारी हैं।
कोविड-19 महामारी के दौरान अमेज़न ने ऑनलाइन ऑर्डर और डिलीवरी की बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए बहुत सारे लोगों को भर्ती किया था। लेकिन अब कंपनी अपने खर्च घटाने पर ध्यान दे रही है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में बड़ा निवेश कर रही है।
CEO एंडी जेसी ने पहले ही कहा था कि जैसे-जैसे AI तकनीक बढ़ेगी, कुछ काम मशीनें करने लगेंगी, जिससे कम लोगों की जरूरत पड़ेगी। उन्होंने कहा था, “आने वाले समय में कुछ नौकरियां खत्म होंगी, लेकिन नए तरह के कामों के लिए नए लोग भी जुड़ेंगे।”
इस कदम से साफ है कि अमेज़न आने वाले समय में AI और तकनीकी बदलावों पर जोर देने वाली कंपनियों में से एक बनने जा रही है। हालांकि, इससे हजारों कर्मचारियों की नौकरी पर संकट मंडरा रहा है।
