BMC election results 2026: महाराष्ट्र के नगरीय निकाय चुनावों में मिली ऐतिहासिक सफलता के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस का मुंबई स्थित भाजपा मुख्यालय में भव्य स्वागत किया गया। जीत के उत्साह से लबरेज पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए फडणवीस ने बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) सहित राज्य के 29 में से 25 नगर निगमों में भाजपा और महायुति गठबंधन की शानदार जीत के लिए जनता का आभार व्यक्त किया।
मुख्यमंत्री ने इस जनादेश को ‘रिकॉर्ड तोड़’ बताते हुए कहा कि यह परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकास के एजेंडे और सरकार की ईमानदारी पर जनता की अटूट मुहर है। उन्होंने विशेष रूप से मुंबई का जिक्र करते हुए कहा कि बीएमसी पर अब महायुति का झंडा लहराएगा और दशकों पुराने एकाधिकार का अंत होगा। फडणवीस ने शिवसेना के संस्थापक बालासाहेब ठाकरे को भी याद किया और उनके आशीर्वाद के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार का मुख्य एजेंडा विकास ही रहेगा और हिंदुत्व, जो उनकी आत्मा है, वह विकास के साथ मिलकर चलेगा।
मा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी इनके प्रति जनता के विश्वास की महाविजय।
— Devendra Fadnavis (@Dev_Fadnavis) January 16, 2026
महाराष्ट्र की जनता ने भारतीय जनता पार्टी पर पूरा विश्वास जताया है। यह महाविजय हम महाराष्ट्र की जनता और हमारे कार्यकर्ताओं को समर्पित करते हैं।
(महाविजयानिमित्त जल्लोष | मुंबई | 16-1-2026)#Maharashtra… pic.twitter.com/dp8TNb3u0W
संबोधन के दौरान मुख्यमंत्री ने जीत के जश्न के बीच कार्यकर्ताओं को संयम बरतने की भी सलाह दी। उन्होंने कहा कि जनता ने हमें सेवा के लिए चुना है, इसलिए किसी भी प्रकार का उन्माद या गैर-जिम्मेदार व्यवहार नहीं होना चाहिए। फडणवीस ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व—प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जे.पी. नड्डा, अमित शाह और नितिन गडकरी—का आभार जताया। साथ ही उन्होंने गठबंधन सहयोगियों को भी जीत का श्रेय दिया और बताया कि उन्होंने एकनाथ शिंदे से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी है। उन्होंने घोषणा की कि महापौरों के चुनाव संपन्न होने के बाद पूरी ताकत के साथ विजय उत्सव मनाया जाएगा।
