हैदराबाद के मीरपेट इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक कलह के चलते एक मां ने अपने मासूम बच्चे की जान लेने के बाद खुदकुशी कर ली। शुक्रवार को हुई इस घटना में 27 वर्षीय सुष्मिता ने अपने 11 महीने के बेटे, यशवर्धन रेड्डी को कथित तौर पर जहर दे दिया और फिर खुद फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
पुलिस जांच में पता चला है कि सुष्मिता की शादी चार साल पहले एक चार्टर्ड अकाउंटेंट यशवंत रेड्डी से हुई थी। पिछले काफी समय से दंपति के बीच गहरे विवाद चल रहे थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को सुष्मिता किसी पारिवारिक समारोह के लिए खरीदारी का बहाना बनाकर अपनी मां ललिता के घर गई थी। वहां एक कमरे में जाकर उसने पहले अपने बच्चे को जहर दिया और फिर खुद आत्महत्या कर ली।
इस दोहरी त्रासदी के बाद घर में कोहराम मच गया। जब सुष्मिता की 50 वर्षीय मां ललिता को अपनी बेटी और नाती की मौत का पता चला, तो उन्होंने भी सदमे में आकर कथित तौर पर अपनी जान देने का प्रयास किया। ललिता को गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां फिलहाल उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सुष्मिता के चाचा बिथा संजीव रेड्डी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मौत की असली वजहों और परिस्थितियों का पता लगाने के लिए मृतका के पति यशवंत रेड्डी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या सुष्मिता को किसी तरह से प्रताड़ित किया जा रहा था जिसने उसे इतना खौफनाक कदम उठाने पर मजबूर किया।
