Delhi MCD Bypoll Results 2025:: दिल्ली नगर निगम (MCD) के 12 वार्डों में हुए उपचुनाव के नतीजे बुधवार को घोषित हो गए। इन नतीजों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 7 सीटें जीतकर सबसे आगे रही। आम आदमी पार्टी (AAP) ने 3 और कांग्रेस तथा ऑल इंडिया फॉरवर्ड ब्लॉक (AIFB) ने एक-एक सीट पर जीत दर्ज की।
सबसे बड़ी जीत शालीमार बाग बी से भाजपा की अनीता जैन ने हासिल की। उन्होंने अपनी करीबी प्रतिद्वंद्वी AAP की बबीता राणा को 10,101 वोटों के अंतर से हराया। अनीता जैन को कुल 16,843 वोट मिले, जबकि बबीता 6,742 वोटों पर सिमट गईं। इस वार्ड में कुल मतदान 37.53 प्रतिशत रहा।
सबसे कम मतों से जीत हासिल करने वाले उम्मीदवार AAP के राजन अरोड़ा रहे। नारायणा वार्ड में उन्होंने भाजपा की चंद्रकांता शिवानी को सिर्फ 148 वोटों के अंतर से हराया।
अन्य प्रमुख परिणाम इस प्रकार हैं:
| वार्ड | विजेता उम्मीदवार (पार्टी) | जीत का अंतर (वोट) |
| शालीमार बाग बी | अनीता जैन (बीजेपी) | 10,101 (सबसे बड़ा) |
| द्वारका बी | मनीषा देवी (बीजेपी) | 9,100 |
| दिंचाऊं कला | रेखा रानी (बीजेपी) | 5,637 |
| ग्रेटर कैलाश | अंजुम मॉडल (बीजेपी) | 4,165 |
| संगम विहार ए | सुरेश चौधरी (कांग्रेस) | 3,628 |
| दक्षिण पुरी | राम स्वरूप कनौजिया (AAP) | 2,262 |
| विनोद नगर | सरला चौधरी (बीजेपी) | 1,769 |
| मुंडका | अनिल (AAP) | 1,577 |
| चाँदनी चौक | सुमन कुमार गुप्ता (बीजेपी) | 1,182 |
| अशोक विहार | वीना असीजा (बीजेपी) | 405 |
| नारायणा | राजन अरोड़ा (AAP) | 148 (सबसे कम) |
कांग्रेस और फॉरवर्ड ब्लॉक के लिए भी यह जीत महत्वपूर्ण रही। कांग्रेस के सुरेश चौधरी ने संगम विहार सीट जीतकर भाजपा का कब्जा तोड़ा। वहीं, AIFB के मोहम्मद इमरान ने चांदनी महल वार्ड से शानदार जीत दर्ज की।
एमसीडी उपचुनाव 30 नवंबर को हुए थे। इन 12 वार्डों में कुल 51 उम्मीदवार चुनावी मैदान में थे, जिनमें 26 महिलाएं शामिल थीं। 580 मतदान केंद्रों पर वोटिंग हुई थी। इन चुनावों का आयोजन दिल्ली विधानसभा और लोकसभा चुनाव से पहले खाली हुई सीटों को भरने के लिए किया गया था।
