नई दिल्ली: भारत द्वारा अपना हवाई क्षेत्र (airspace) बंद करने से पाकिस्तान की बौखलाहट और बढ़ सकती है। इस कदम का सीधा असर पाकिस्तान की अर्थव्यवस्था और वहां के नागरिकों की हवाई यात्रा पर पड़ेगा, जिससे हवाई किराए में भारी वृद्धि हो सकती है।
भारत के एयरस्पेस बंद करने के बाद पाकिस्तान को विभिन्न देशों में जाने के लिए श्रीलंका और चीन के हवाई मार्गों का लंबा चक्कर लगाना होगा। पाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (PIA) मलेशिया, सिंगापुर और थाईलैंड जैसे दक्षिण पूर्व एशियाई देशों तक पहुंचने के लिए अक्सर भारतीय एयरस्पेस का इस्तेमाल करती रही है। अब भारत के इस एक्शन के बाद PIA को इन देशों के लिए काफी लंबी दूरी तय करनी होगी, जिससे उड़ानों की लागत और यात्रियों के लिए किराया काफी बढ़ जाएगा।
गौरतलब है कि पाकिस्तान की आर्थिक स्थिति पहले से ही खस्ताहाल है। यूरोपियन एयर सेफ्टी एजेंसी (EASA) ने भी सुरक्षा कारणों से PIA की उड़ानों पर यूरोप में प्रतिबंध लगा दिया था, जिसे मुश्किल से पिछले साल नवंबर में बहाल किया गया था। ऐसे में भारत द्वारा एयरस्पेस बंद करने से पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ जाएंगी। दक्षिण पूर्व एशियाई देशों जैसे कुआलालंपुर आदि के लिए अब PIA को श्रीलंका और चीन के हवाई क्षेत्रों से होकर जाना पड़ेगा, जिससे यात्रा का समय और खर्च दोनों बढ़ जाएंगे।
