Air India: अमृतसर से बर्मिंघम जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI117 को शनिवार को इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। घटना का कारण विमान के रैम एयर टर्बाइन (RAT) के डिप्लॉय होना बताया जा रहा है। यह तकनीकी अलर्ट लैंडिंग से ठीक पहले, यानी फाइनल अप्रोच के दौरान आया। यात्रियों और क्रू की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए फ्लाइट को सुरक्षित तरीके से जमीन पर उतारा गया।
एअर इंडिया ने बताया कि जांच में सभी इलेक्ट्रिकल और हाइड्रॉलिक सिस्टम सामान्य पाए गए। कंपनी ने फ्लाइट को मानक प्रक्रिया (SOP) के तहत फिलहाल ग्राउंड कर दिया है और विस्तृत निरीक्षण कर रही है। प्रभावित यात्रियों के लिए वैकल्पिक इंतजाम किए जा रहे हैं।
इस घटना के कारण बर्मिंघम से दिल्ली जाने वाली वापसी फ्लाइट AI114 को रद्द कर दिया गया। एअर इंडिया ने स्पष्ट किया कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
RAT (Ram Air Turbine) वह उपकरण है जो विमान में तब सक्रिय होता है जब मुख्य बिजली या हाइड्रॉलिक सिस्टम में आपात स्थिति आती है। यह हवा की ताकत से आवश्यक बिजली या हाइड्रॉलिक शक्ति प्रदान करता है। हालांकि, इस मामले में किसी भी सिस्टम में वास्तविक खराबी नहीं पाई गई।
इस घटना से यात्रियों में थोड़ी चिंता रही, लेकिन सुरक्षित लैंडिंग और कंपनी के त्वरित इंतजाम ने स्थिति को नियंत्रित कर दिया।
