मशहूर सिंगर जुबिन गर्ग की मौत के मामले में असम पुलिस ने हत्या की धारा जोड़ी है। इससे पहले उनके मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंत को गिरफ्तार किया गया था। सिंगापुर के अधिकारियों ने जुबिन की पोस्टमार्टम रिपोर्ट भारतीय उच्चायोग को सौंप दी है, जिसे अब उनके परिजनों को दिया जाएगा।
असम सीआईडी की एसआईटी मामले की गहन जांच कर रही है। इसके तहत फेस्टिवल आयोजक श्यामकानु महंत और मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा से लंबी पूछताछ की गई। इसके अलावा जुबिन के बैंडमेट शेखर ज्योति गोस्वामी और सह-गायिका अमृतप्रभा महंत से भी कई घंटे पूछताछ हुई।
जुबिन के चचेरे भाई संदीपन गर्ग से भी जांच टीम ने पूछताछ की। साथ ही, सिद्धार्थ शर्मा से जुबिन का हैंडबैग बरामद किया गया है, जिसमें दस्तावेज़ और दवाइयाँ मिली हैं। यह सामान फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। सिंगापुर में जुबिन के अंतिम 48 घंटे की समयरेखा तैयार करने की कोशिश चल रही है। अब जांच टीम उनकी दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का भी इंतजार कर रही है।
