सरगुजा: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात ने लोगों को दहला दिया। पेट्रोल पंप पर काम करने वाली युवती पर उसके सनकी आशिक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। अस्पताल ले जाने पर भी उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना के बाद मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतका की पहचान बलरामपुर निवासी विद्यावती के रूप में हुई है। वह गांधी नगर थाना क्षेत्र के चोपड़ापारा स्थित काली मंदिर के पास श्री कृपा फ्यूल्स पेट्रोल पंप पर काम करती थी। आरोपी की पहचान कुसमी निवासी जोगेन्द्र पैंकरा के रूप में हुई है, जिसके साथ विद्यावती का प्रेम संबंध था। लेकिन संबंध टूटने के बाद युवक लगातार युवती पर दबाव डाल रहा था।
गुरुवार को दोपहर करीब 12 बजे आरोपी पेट्रोल पंप पहुंचा और युवती से फिर से रिश्ता जोड़ने की जिद करने लगा। जब विद्यावती ने मना कर दिया, तो आरोपी ने चाकू से वार कर दिया। पहला वार होते ही युवती पंप परिसर में बचने के लिए दौड़ी, लेकिन आरोपी उसका पीछा करता रहा और कई वार कर दिए। हमले में एक कर्मचारी भी घायल हुआ, जो बीच-बचाव करने पहुंचा था।
गंभीर रूप से घायल विद्यावती को तत्काल निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस दर्दनाक घटना से इलाके में आक्रोश और दहशत का माहौल है। लोग मांग कर रहे हैं कि आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
