नई दिल्ली: बाहरी दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके में शुक्रवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई जब 10वीं कक्षा के छात्र वियोम (15) की स्कूल गेट के बाहर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि स्कूल के ही 11वीं कक्षा के छात्र और उसके 10-11 साथियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। दरअसल, वियोम का आरोपी छात्र से कुछ दिन पहले विवाद हुआ था। शुक्रवार को परीक्षा देकर बाहर निकलते ही वियोम पर हमला कर दिया गया।
आरोपियों ने लात-घूंसों और डंडों से वियोम की बुरी तरह पिटाई की, जिससे वह अचेत हो गया। स्थानीय लोगों और छात्रों ने उसे तुरंत संजय गांधी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए और गवाहों से पूछताछ की गई। बाहरी जिला पुलिस उपायुक्त सचिन शर्मा ने बताया कि हत्या का मामला दर्ज कर सात नाबालिग लड़कों को पकड़ा गया है। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
मूलरूप से यूपी के फर्रुखाबाद का रहने वाला वियोम अपने माता-पिता और भाई-बहन के साथ मंगोलपुरी एम-ब्लॉक में रहता था। उसके पिता स्थानीय जूता-चप्पल फैक्ट्री में काम करते हैं।
घटना के बाद परिजनों ने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि झगड़े की जानकारी शिक्षकों को दी गई थी, लेकिन किसी ने हस्तक्षेप नहीं किया। वारदात के बाद भी स्कूल स्टाफ ने परिवार से कोई संपर्क नहीं किया।
शनिवार सुबह परिजन और स्थानीय लोग स्कूल गेट पर इकट्ठा हुए और स्कूल प्रशासन व पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। परिवार की मांग है कि आरोपियों पर बालिगों की तरह केस चलाकर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
