रामपुर, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले में नगर पालिका, राजस्व विभाग और लोक निर्माण विभाग की संयुक्त टीम ने समाजवादी पार्टी (सपा) के पूर्व जिलाध्यक्ष अखिलेश कुमार के घर पर बुलडोजर चलाया है। यह कार्रवाई अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत की गई, जिसमें उनके आवास की बाउंड्री समेत कई दुकानों और मकानों के अवैध निर्माणों को ढहा दिया गया।
यह अभियान शनिवार सुबह 8 से 10 बजे के बीच चलाया गया। प्रशासन ने इससे पहले भी इस क्षेत्र में एक तरफ के अवैध कब्जों को हटाया था और दूसरी तरफ के लोगों को खुद ही अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी थी। चेतावनी का पालन न होने पर आज यह कार्रवाई की गई।
नगर पालिका के ईओ (कार्यपालक अधिकारी) दुर्गेश्वर त्रिपाठी ने बताया कि शनिवार को सरकारी जमीन को खाली कराया गया है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने सड़क किनारे सरकारी जमीन पर पक्के निर्माण कर रखे थे, उन्हें हटाया गया है। इसमें एक मकान की बाउंड्री, कई चबूतरे और छज्जे शामिल हैं।
