पुरी: ओडिशा के पुरी जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहाँ ब्रह्मगिरी थाना क्षेत्र के बलिहारीचंडी बीच पर एक छात्रा के साथ उसके प्रेमी के सामने दो लोगों ने कथित तौर पर गैंगरेप किया। यह घटना शनिवार की है, जिसका खुलासा सोमवार को तब हुआ जब पीड़िता ने पुलिस की मदद से शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता अपने प्रेमी के साथ शनिवार दोपहर को बीच पर घूमने गई थी। वहाँ मौजूद आरोपियों ने पैसे ऐंठने की कोशिश में उनका वीडियो बनाना शुरू कर दिया। जब कपल ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने लड़के के साथ मारपीट की और फिर बारी-बारी से लड़की के साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस ने हिम्मत दिलाकर दर्ज कराई शिकायत
घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी फरार हो गए। बदनामी के डर से पीड़िता शुरुआत में शिकायत दर्ज कराने से हिचकिचा रही थी। लेकिन पुरी के एसपी प्रतीक सिंह और उनकी टीम ने उसे हिम्मत दी और सोमवार को ब्रह्मगिरी पुलिस थाने में मामला दर्ज कराया।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं, हालाँकि उन्होंने वीडियो डिलीट कर दिए थे। डेटा रिकवरी के लिए फोन को भुवनेश्वर की राज्य फोरेंसिक साइंस लैब में भेजा जाएगा। पुलिस ने यह भी बताया कि सभी आरोपी स्थानीय हैं और उनके आपराधिक इतिहास की जाँच की जा रही है। इस घटना ने एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
