नई दिल्ली: बीजेपी नेता और एनिमल राइट्स एक्टिविस्ट मेनका गांधी ने एक बार फिर पर्यावरण और पशु संरक्षण से जुड़े मुद्दों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने चार धाम यात्रा को लेकर कहा, “मुझे लगता है भगवान भी चार धामों से भाग गए हैं। पिछले साल 700 जानवर हेमकुंड से गिरकर मारे गए। कौन भगवान टिकेगा इसमें? जहां कभी घास के मैदान और फूलों की खूबसूरती से स्वर्ग जैसा एहसास होता था, आज वहां जाना दिल तोड़ देता है।”
वहीं मुंबई में कबूतरों के बीट से संक्रमण के चलते कबूतरों को दान करने पर FIR दर्ज करने के आदेश को लेकर प्रियंका गांधी ने कहा कि कबूतरों से इंसानों को कोई खतरा नहीं है और अब तक किसी की मौत उनसे नहीं हुई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री की कमेटी की रिपोर्ट आने के बाद कबूतरखानों को फिर से बहाल किया जाएगा।
इसके साथ ही मेनका गांधी ने केरल सरकार द्वारा जंगली सूअरों को मारने के फैसले का विरोध किया। उन्होंने कहा, “अगर सूअरों को मारा गया तो अगले पांच सालों में वहां एक भी पेड़ नहीं बचेगा। जंगलों में ब्रैकन फर्न तेजी से फैलता है और केवल जंगली सूअर ही इसे खाते हैं।”
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने आवारा कुत्तों पर बड़ा आदेश दिया था, जिसमें कहा गया कि सामान्य कुत्तों को शेल्टर से बाहर छोड़ा जाए, लेकिन आक्रामक और रेबीज से पीड़ित कुत्तों को नसबंदी के बाद ही रखा जाए। मेनका गांधी ने इस फैसले का स्वागत किया और इसे संतोषजनक बताया।
