नई दिल्ली: शुक्रवार को दिल्ली हाईकोर्ट में उस समय हड़कंप मच गया, जब कोर्ट परिसर में बम रखे जाने की धमकी मिली। यह धमकी एक ईमेल के जरिए दी गई थी। खबर मिलते ही, आनन-फानन में कोर्ट परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया और पुलिस को सूचित किया गया।
जानकारी के मुताबिक, जिस समय यह धमकी मिली, कई वरिष्ठ जज अपनी कोर्ट की कार्यवाही शुरू करने वाले थे। सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए, पुलिस ने तुरंत बम स्क्वाड को मौके पर भेजा और पूरे परिसर की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस इस धमकी के पीछे कौन है, इसका पता लगाने की कोशिश कर रही है। फिलहाल, पुलिस उस ईमेल के आईपी एड्रेस के माध्यम से आरोपी की पहचान करने में जुटी है। सुरक्षा एजेंसियां यह सुनिश्चित करने के लिए सभी एहतियाती कदम उठा रही हैं कि कोई भी अप्रिय घटना न हो।

