भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में गणेश विसर्जन के दौरान एक बार फिर सांप्रदायिक तनाव का माहौल पैदा हो गया। गौतम नगर के पास आरिफ नगर कॉलोनी से गुजर रहे गणेश प्रतिमा के चल समारोह पर कुछ लोगों ने पथराव कर दिया। यह घटना उस कॉलोनी के गेट के सामने हुई, जहां ‘पैगाम ए मोहब्बत’ का बड़ा सा होर्डिंग लगा हुआ है।
पुलिस ने इस मामले में दो मुख्य आरोपियों, साहिल और अब्दुल हलीम, को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में पता चला है कि साहिल एक आदतन अपराधी है और खुद को सोशल मीडिया पर ‘बदमाश’ बताता है। वह आए दिन मारपीट की घटनाओं को अंजाम देता रहा है। वहीं, दूसरा आरोपी अब्दुल हलीम पुराने टायर बेचने का काम करता है, जिसके घर से चोरी के टायरों का जखीरा बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, अब्दुल हलीम के पास से मिले टायरों के सीरियल नंबर मिटाए गए हैं, जिससे यह साफ होता है कि वे चोरी के टायर थे। अब्दुल हलीम पर पहले भी चोरी के टायर बेचने का आरोप लग चुका है और इसी बात को लेकर उसका हिंदू पक्ष के लोगों से विवाद भी हुआ था। माना जा रहा है कि यह पथराव उसी पुरानी रंजिश का नतीजा हो सकता है।
घटना के बाद आरिफ नगर और उसके आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि स्थिति को नियंत्रण में रखा जा सके। पुलिस दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है और मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
