नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में चोरी की दो बड़ी घटनाएं सामने आई हैं, जिन्होंने पुलिस की नींद उड़ा दी है।
दिल्ली के लाल किले के 15 अगस्त पार्क में जैन धर्म का एक धार्मिक अनुष्ठान चल रहा था, जहाँ से 2 सितंबर को करोड़ों का कलश चोरी हो गया। इस कलश को कारोबारी सुधीर जैन रोज़ाना पूजा के लिए लाते थे। चोरी की यह घटना उस समय हुई, जब लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला के स्वागत के दौरान अफरातफरी मच गई और इसी का फायदा उठाकर चोर ने मंच से कलश गायब कर दिया।
चोरी हुआ यह कलश बेहद कीमती था। इसकी कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई गई है। कलश 760 ग्राम सोने का बना था और इस पर 150 ग्राम हीरे, माणिक और पन्ने जड़े हुए थे। दिल्ली पुलिस ने बताया है कि सीसीटीवी फुटेज में संदिग्ध की गतिविधियां कैद हो गई हैं और उसकी पहचान कर ली गई है। पुलिस जल्द ही गिरफ्तारी की उम्मीद जता रही है।
