दिल्ली: स्वरूप नगर थाना इलाके के सुशांत बिहार में रहने वाले दीपक सिंह नाम का शख्स रहस्यमयी हालात में लापता हो गया। पुलिस को दीपक की स्कूटी, नंबर प्लेट और हेलमेट यमुना पुस्ता बांध स्थित चर्च के पास झाड़ियों से बरामद हुए हैं।
पीड़ित परिवार के बयान के आधार पर 13 अगस्त से लापता दीपक सिंह के मामले में स्वरूप नगर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक 35 वर्षीय दीपक सिंह स्वरूप नगर में एक शॉप पर ट्रेडिंग का काम करते थे और हर रोज की तरह 13 अगस्त को भी ड्यूटी खत्म कर घर लौट रहे थे।
घर आते समय दीपक ने परिवार से बात की थी, लेकिन करीब 15 मिनट बाद उनका फोन अचानक स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद जब दीपक के दोस्त ने उनकी पत्नी को कॉल किया तो परिवार को शक हुआ और उन्होंने आसपास के इलाकों में तलाश शुरू की। लेकिन कोई सुराग न मिलने पर शिकायत पुलिस को दी गई।
परिवार को अपने सोर्सेस से यमुना पुस्ता बांध का एक सीसीटीवी फुटेज मिला जिसमें दीपक जाते हुए नजर आ रहे हैं, लेकिन वापसी में नहीं दिखे। इसके अगले दिन उनकी स्कूटी, हेलमेट और नंबर प्लेट चर्च के पास जंगली इलाके से बरामद हुए।
करीब 15 दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ कोई ठोस सुराग नहीं लगा है। दीपक के लापता होने के बाद परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है और वह दिल्ली पुलिस से कड़ी कार्रवाई और जल्द से जल्द दीपक का पता लगाने की मांग कर रहा है। फिलहाल स्वरूप नगर थाना पुलिस मामले की तफ्तीश गंभीरता से कर रही है।
