रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के आरंग थाना क्षेत्र में शादी का झांसा देकर एक युवती के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि युवती सात महीने की गर्भवती है।
आरंग थाना प्रभारी राजेश सिंह ने बताया कि आरोपी नोमेश कहार ने गांव की एक युवती को प्रेमजाल में फंसाया और शादी का वादा करके उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती गर्भवती हो गई, तो आरोपी ने उसे अपनाने से मना कर दिया।
जानकारी के अनुसार, जब पीड़िता चार महीने की गर्भवती थी, तब गांव में पंचायत बुलाई गई थी। गांव वालों के दबाव के बाद, आरोपी नोमेश युवती को अपने साथ रखने के लिए तैयार हो गया था। लेकिन अब जब वह सात महीने की गर्भवती है, तो युवक फिर से उसे अपनाने से इनकार कर रहा है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी नोमेश कहार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
