चंडीगढ़/सिलचर: गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया, जो फिलहाल असम की सिलचर जेल में बंद है, एक कुख्यात अपराधी है। इससे पहले वह बठिंडा जेल में कैद था, जहां से वह नशा तस्करी, जबरन वसूली और हिंसक गतिविधियों को अंजाम दे रहा था। इन गतिविधियों के चलते उसे एनडीपीएस एक्ट के तहत असम की जेल में शिफ्ट किया गया।
जग्गू भगवानपुरिया को “वसूली किंग” भी कहा जाता है। उसका नाम सिद्धू मूसेवाला की हत्या में भी सामने आया था, जिसके बाद वह सीमावर्ती क्षेत्रों में आतंक का पर्याय बन गया था। उस पर कुल 128 मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, लूट, जबरन वसूली, अवैध हथियारों की सप्लाई और नशा तस्करी जैसे संगीन अपराध शामिल हैं।
जग्गू पंजाब का पहला गैंगस्टर है जो पाकिस्तान सीमा पार से नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए कुख्यात है। वह पंजाब के गुरदासपुर जिले के भगवानपुर गांव का रहने वाला है, और इसी वजह से अपने नाम के साथ ‘भगवानपुरिया’ लगाता है। अपराधियों में अपने नाम के साथ गांव का नाम लगाना एक आम चलन है।
