फ़ूड डिलीवरी की आड़ में ड्रग्स तस्करी: ठाणे पुलिस ने ₹4 करोड़ की MD ड्रग्स के साथ 2 गिरफ्तार किए

ठाणे के डीसीपी (क्राइम ब्रांच) अमरसिंह जाधव ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह ड्रग्स मध्य प्रदेश से लाई गई थी और मुंबई में सप्लाई की जानी थी।

Two Arrested in Thane for Drug Trafficking via Food Delivery
Two Arrested in Thane for Drug Trafficking via Food Delivery

ठाणे, महाराष्ट्र: ठाणे पुलिस की एंटी नारकोटिक्स सेल ने ड्रग्स के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खास बात यह है कि इनमें से एक आरोपी फूड डिलिवरी बॉय की वेशभूषा में ड्रग्स की सप्लाई कर रहा था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 2.5 किलोग्राम से अधिक मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग्स जब्त की है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग ₹4 करोड़ बताई गई है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि मुंब्रा-शील डायघर क्षेत्र में एक व्यक्ति फूड डिलिवरी बॉय के भेष में ड्रग्स पहुंचाने वाला है। इस सूचना पर कार्रवाई करते हुए पनवेल निवासी 36 वर्षीय इरफान अमानुल्ला शेख को पुलिस ने हिरासत में लिया। तलाशी में उसके पास से 522 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई।

पूछताछ में इरफान ने खुलासा किया कि वह यह ड्रग्स शाहरुख मेवाशी उर्फ रिजवान से लेता था, जो पेशे से मिस्त्री है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने रिजवान को गिरफ्तार किया, जिसके पास से 2 किलो 84 ग्राम मेफेड्रोन जब्त किया गया।

ठाणे के डीसीपी (क्राइम ब्रांच) अमरसिंह जाधव ने बताया कि प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह ड्रग्स मध्य प्रदेश से लाई गई थी और मुंबई में सप्लाई की जानी थी।

पुलिस अब इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है और यह भी जांच की जा रही है कि इन ड्रग्स को किसे बेचा जाना था।

न्यायालय ने दोनों आरोपियों को 31 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

इस मामले ने एक बार फिर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है, क्योंकि ड्रग्स तस्कर अब फूड डिलिवरी जैसी आम सेवाओं की आड़ में अपनी गतिविधियों को अंजाम देने लगे हैं। यह प्रवृत्ति और भी खतरनाक रूप ले रही है क्योंकि इससे सामान्य नागरिकों का भरोसा भी प्रभावित हो सकता है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale