जालंधर: जालंधर देहात पुलिस ने 114 वर्षीय प्रसिद्ध धावक फौजा सिंह से जुड़े हिट एंड रन मामले को 30 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। मंगलवार देर रात पुलिस ने इस मामले में 30 वर्षीय एनआरआई अमृतपाल सिंह ढिल्लों को गिरफ्तार कर लिया और घटना में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर गाड़ी भी बरामद कर ली।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई फॉर्च्यूनर गाड़ी (पीबी 20 सी 7100) को भी जब्त कर लिया है। आरोपी अमृतपाल सिंह ढिल्लों, जो जालंधर के करतारपुर में स्थित दासूपुर गांव का रहने वाला है, को देर रात थाना भोगपुर लाया गया, जहां उससे गहन पूछताछ शुरू कर दी गई थी। पुलिस आज उसे कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लेगी।
एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के नेतृत्व में गठित टीम ने कई गाड़ियों की सूची बनाई थी। इनमें से एक फॉर्च्यूनर गाड़ी की पहचान देर शाम तक हो गई। गाड़ी के नंबर से पता चला कि वह कपूरथला के अठौली गांव के वरिंदर सिंह पुत्र बलवीर सिंह के नाम पर पंजीकृत थी।
इसके बाद, जालंधर पुलिस की टीमें कपूरथला गईं और वरिंदर से पूछताछ की। वरिंदर ने बताया कि कनाडा से आए एनआरआई अमृतपाल सिंह ढिल्लों ने उनकी कार खरीदी थी। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि अमृतपाल के पिता का निधन हो चुका है, उसकी तीन बहनें हैं और उसकी मां कनाडा में रहती हैं।
अमृतपाल खुद भी आठ दिन पहले ही कनाडा से लौटा था। हादसे के बाद अमृतपाल सीधे अपने करतारपुर स्थित गांव चला गया था। वह जालंधर तक नहीं आया, बल्कि गांव-गांव होते हुए करतारपुर निकल गया था।
प्राथमिक पूछताछ में अमृतपाल ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि वह मुकेरिया साइड से अपना फोन बेच कर लौट रहा था। जब वह ब्यास पिंड के पास पहुंचा तो एक बुजुर्ग उनकी गाड़ी की चपेट में आ गया। उसे यह नहीं पता था कि बुजुर्ग फौजा सिंह हैं। जब देर रात खबरें आनी शुरू हुईं तो उसे फौजा सिंह की मौत के बारे में पता चला।
