गुरुग्राम: राधिका मर्डर केस में अब पुलिस की जांच की दिशा उसके फोन की ओर मुड़ गई है। गुरुग्राम पुलिस ने राधिका के आईफोन को DITECH (डिपार्टमेंट ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी, इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन, हरियाणा) को भेज दिया है। यहाँ से फोन को अनलॉक कर उसका सारा डेटा रिकवर किया जाएगा।
पुलिस के मुताबिक, राधिका आईफोन का इस्तेमाल करती थी और उसका पासवर्ड परिवार के किसी सदस्य को भी नहीं पता था।
जांच में यह भी सामने आया है कि राधिका ने हत्या से कुछ दिन पहले ही अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल डिलीट कर दिए थे। अब एक इंस्टाग्राम प्रोफाइल, जो राधिका की दोस्त के माध्यम से सामने आई है, उसकी भी गहन जांच की जा रही है।
गुरुग्राम पुलिस जल्द ही राधिका की दोस्त के बयान भी दर्ज कर सकती है, क्योंकि उसकी दोस्त ने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि राधिका के पिता ने हत्या पूरी प्लानिंग के साथ की थी।
DITECH की मदद से पुलिस डिलीट किया हुआ डेटा रिकवर करेगी, जिससे यह पता चल सकेगा कि राधिका की पिछले कुछ दिनों में किस-किस से बात हुई थी। साथ ही, यह भी जांच की जाएगी कि राधिका की सोशल मीडिया पर कितनी प्रोफाइल थीं और वह किन-किन प्लेटफॉर्म पर सक्रिय थी।
