इस्लामाबाद, पाकिस्तान: पाकिस्तानी सेना की छत्रछाया में पल रहे प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडर फैसल नदीम ने खुद स्वीकार किया है कि वह जम्मू-कश्मीर में भारत के खिलाफ आतंकी भेजता रहा है।
हाल ही में पाकिस्तानी सेना के समर्थन में आयोजित एक रैली में हिस्सा लेते हुए फैसल नदीम ने भारत और जम्मू-कश्मीर को लेकर जहर उगला। रैली में बोलते हुए नदीम ने कहा, “हम उन लोगों में से हैं, जिनके लोगों का खून कश्मीर के चप्पे-चप्पे पर है। कोई गांव ऐसा नहीं, कोई शहर ऐसा नहीं, कोई इलाका ऐसा नहीं, जहां हमारे किसी शहीद का खून मौजूद न हो।”
नदीम ने आगे कहा कि न इस खून से वे खुद पीछे हटेंगे और न ही हुकूमतों को पीछे हटने देंगे। उसने धमकी भरे लहजे में कहा कि जम्मू-कश्मीर की एक-एक इंच की आजादी (भारत से अलग करने) तक ये (आतंकी) काफिला चलता रहेगा।
फैसल नदीम की गिनती लश्कर-ए-तैयबा के शीर्ष कमांडरों में होती है और उसे आतंकी सरगना हाफिज सईद के बेहद खास शख्स के रूप में देखा जाता है।
