पटना में व्यवसायी गोपाल खेमका की गोली मारकर हत्या, 18 साल पहले बेटे की भी हुई थी हत्या

इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपार्टमेंट के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

Patna Businessman Gopal Khemka Shot Dead; Son Also Murdered 18 Years Ago
Patna Businessman Gopal Khemka Shot Dead; Son Also Murdered 18 Years Ago

पटना: राजधानी पटना शुक्रवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना का गवाह बना, जब शहर के जाने-माने व्यवसायी गोपाल खेमका की उनके ही अपार्टमेंट के सामने गोली मारकर हत्या कर दी गई। यह वारदात एग्जीबिशन रोड स्थित उनके अपार्टमेंट के मुख्य गेट के पास हुई, जब खेमका बाँकीपुर क्लब से लौट रहे थे। पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए सिर में गोली मार दी।

गोली की आवाज सुनकर अपार्टमेंट का गार्ड मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक अपराधी फरार हो चुके थे। घायल अवस्था में खेमका को तत्काल एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपार्टमेंट के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वारदात की योजना जिस ढंग से रची गई, उससे यह स्पष्ट होता है कि अपराधी प्रोफेशनल थे और उन्होंने पहले से रेकी कर रखी थी।

यह पहली बार नहीं है जब खेमका परिवार को इस तरह के दुख का सामना करना पड़ा हो। करीब 18 साल पहले गोपाल खेमका के बेटे की भी हत्या हाजीपुर में कर दी गई थी। उस मामले में भी अब तक पूरा न्याय नहीं मिला है।

घटना के बाद से व्यवसायिक जगत में शोक और आक्रोश का माहौल है। व्यवसायियों और शहरवासियों ने कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है और सरकार से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और परिजनों से मुलाकात की। सिटी एसपी पटना, दीक्षा कुमारी ने बताया कि फिलहाल, पुलिस इसे आपराधिक रंजिश या व्यावसायिक दुश्मनी से जोड़कर जांच कर रही है, लेकिन अब तक किसी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं हुई है।

Related Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

© 2026 Breaking News Wale - Latest Hindi News by Breaking News Wale