जबलपुर: राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क हादसों को कम करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने एक अभिनव पहल शुरू की है। इसके तहत, जबलपुर के आसपास के टोल नाकों पर तैनात कर्मचारी वाहन चालकों का मुंह गुनगुने पानी से धुलवा रहे हैं।
NHAI का यह प्रयास लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों की थकान कम करने और नींद के झोंकों से बचाने के लिए किया जा रहा है। कर्मचारी चालकों को सीट बेल्ट लगाने की हिदायत भी दे रहे हैं। अक्सर देखा जाता है कि लंबी दूरी के वाहन चालक एक ही बार में पूरी यात्रा करने की कोशिश में थकान महसूस करते हैं, जिससे नींद के झोंके आते हैं और सड़क हादसे हो जाते हैं। हल्की नींद का झोंका भी कई बार बड़े हादसों का कारण बन जाता है।
वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए NHAI यह प्रयोग कर रहा है। उल्लेखनीय है कि कुंभ मेले के दौरान नींद के झोंकों के कारण कई सड़क हादसे हुए थे, जिसके बाद NHAI ने इस दिशा में कदम उठाया है। टोल नाकों पर वाहन चालकों को ठंडा शीतल पेय उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।
वर्तमान में यह प्रयोग NHAI के चार टोल नाकों – बहोरीपार, मोहतरा, खिरवासनी और उदाकी में किया जा रहा है, जहां NHAI ने विशेष कर्मचारियों को तैनात किया है। NHAI की इस पहल को वाहन चालकों और आम नागरिकों द्वारा सराहा जा रहा है।
