नई दिल्ली: दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के वसंत कुंज साउथ थाना क्षेत्र में 23 जून को एक फार्महाउस में जबरन घुसकर करीब 30 लाख रुपये की नकदी लूट ले जाने का मामला सामने आया है। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया है।
शिकायतकर्ता करण चोपड़ा, जो सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन कारोबार से जुड़े हैं, ने पुलिस को बताया कि शाम के वक्त तीन से चार बदमाश उनके फार्महाउस में घुस आए और नकदी लूटकर फरार हो गए।
सूचना मिलते ही वसंत कुंज साउथ थाने के एसएचओ अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे, और स्थिति का जायज़ा लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्राइम टीम और फोरेंसिक एक्सपर्ट भी मौके पर बुलाए गए। पूरे घर की फोरेंसिक जांच की गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, और कुछ संदिग्धों की पहचान कर ली गई है। बाकी की तलाश जारी है।
यह मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 309(4), 331(6), 351(2) और 3(5) के तहत दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।
