अलीगढ: थाना छर्रा क्षेत्र के शिवपुरी गांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक की जेब में रखा Apple कंपनी का iPhone 13 अचानक ब्लास्ट हो गया। इस हादसे में युवक झुलस गया और उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, युवक ने कुछ दिन पहले ही अधिकृत शोरूम से iPhone 13 खरीदा था। घटना के वक्त वो अपने काम में व्यस्त था, तभी उसे जेब में गर्माहट महसूस हुई। उसने जैसे ही मोबाइल निकालने की कोशिश की, फोन जोरदार धमाके के साथ फट गया। ब्लास्ट की वजह से युवक के हाथ और जांघ में गंभीर चोटें आई हैं।
पीड़ित ने इस घटना को लेकर गहरी नाराज़गी जताई है और उपभोक्ता फोरम (कंज्यूमर कोर्ट) में शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। उसका कहना है कि उसने एक ब्रांडेड और महंगा फोन सिर्फ भरोसे के कारण खरीदा था, लेकिन कुछ ही दिनों में ऐसा हादसा हो जाना हैरान करने वाला है।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। मोबाइल को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये घटना मोबाइल की सुरक्षा और कंपनियों की गुणवत्ता पर एक बड़ा सवाल खड़ा करती है। विशेषज्ञों की मानें तो मोबाइल में ब्लास्ट अक्सर बैटरी से जुड़ी खराबी या चार्जिंग में लापरवाही की वजह से हो सकता है। लेकिन इस मामले में चूंकि फोन नया था, इसलिए कंपनी की जवाबदेही तय की जा सकती है
